गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा
हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज में महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
लक्सर हर्ष विद्या मंदिर पीजी कॉलेज में 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान परिसर में ‘जय जवान, जय किसान’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव एवं सामाजिक समरसता तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, राष्ट्रसेवा और देश प्रथम के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की शौर्य दीवार पर वीर शहीद जवानों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. केपी सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. प्रभावती, प्राचार्य प्रो. आदित्य गौतम, डॉ. अजीत राव, डॉ. केपी तोमर, डॉ. वर्षा एवं डॉ. अतुल दुबे सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
महाविद्यालय परिवार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प लिया।




