उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय का 12वां दीक्षांत समारोह आज l
: दो सत्रों के 2938 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां, 32 मेधावियों को स्वर्ण पदक
: छह विद्यार्थियों को पीएचडी,
दो विद्वानों को विद्यावाचस्पति (डी.लिट) की मानद उपाधि से किया जाएगा सम्मानित l
बहादराबाद 25 सितम्बर ( महिपाल ) उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार का 12वां दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह में शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 के कुल 2938 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां प्रदान की जाएंगी। दोनों सत्रों के 32 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इसके अलावा छह विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कुलपति प्रो. रमाकांत पांडेय ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कुल 1550 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें शास्त्री के 426, आचार्य के 222, एमपी पत्रकारिता के तीन, बीलिब के 11, शिक्षाशास्त्री के 48 और योगाचार्य के 840 विद्यार्थी शामिल हैं। वहीं सत्र 2025-26 में कुल 1388 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें शास्त्री के 303, आचार्य के 218, एमपी पत्रकारिता के 10, बीलिब के 12, शिक्षाशास्त्री के 44 और योगाचार्य के 801 विद्यार्थी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह में देश की चार विशिष्ट विभूतियों को विभिन्न क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। दो विद्वानों को डी.लिट. की मानद उपाधि, एक को महामहोपाध्याय तथा एक विद्वान को कलाश्री सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह सेवानिवृत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक एवं उपाधियां प्रदान करेंगे। संस्कृत शिक्षा, उच्च शिक्षा, विद्यालयी शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे। प्राज्योतिषपुर विश्वविद्यालय, गुवाहाटी के कुलपति प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद तिवारी आधार भाषण देंगे। पूर्व कुलपति प्रो. रमेश कुमार पांडेय और सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार भी समारोह में संबोधन देंगे।
प्रेस वार्ता में कुलसचिव दिनेश कुमार, मीडिया संयोजक और पत्रकारिता विभागध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार शुक्ल, उप कुलसचिव संदीप कुमार, प्रो. मनोज पंत, प्रो दिनेश चंद्र चमोला, निजी सचिव कुलपति मनोज गहतोड़ी आदि उपस्थित रहे।
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में शास्त्री के 426, आचार्य के 222, एमपी पत्रकारिता के तीन, बीलिब के 11, शिक्षाशास्त्री के 48 और योगाचार्य के 840 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इस सत्र के 16 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।




