Uncategorized

कश्यप महासभा ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा 10 सूत्रीय मांगपत्र

कश्यप महासभा ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा 10 सूत्रीय मांगपत्र…

समाज के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक उत्थान को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने की चर्चा…

रुड़की। कश्यप महासभा उत्तराखंड (ट्रस्ट) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर कश्यप समाज के विकास और उत्थान से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर 10 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। महासभा के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भेंट की।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद कश्यप और प्रदेश महासचिव एसके वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कश्यप समाज के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक एवं राजनीतिक विकास से जुड़े विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ज्ञापन में उत्तराखंड में मत्स्य पालन से संबंधित अलग बोर्ड अथवा परिषद गठित किए जाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा विभिन्न आयोगों एवं बोर्डों में कश्यप समाज के शिक्षित लोगों को पद एवं सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग की गई।

महासभा ने प्रदेश की नदियों, नालों, तालाबों, पोखरों तथा खनन से संबंधित ठेकों एवं पट्टों में कश्यप समाज के लोगों को अवसर दिए जाने की मांग भी उठाई। वहीं भगवान महर्षि कश्यप एवं महाराज गुहराज निषाद की जयंती के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में रुड़की सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों और जिला मुख्यालयों में भगवान महर्षि कश्यप के नाम पर चौराहे एवं मार्ग का नामकरण करने तथा उनकी प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी शामिल है।

महासभा ने कश्यप समाज को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की। साथ ही जब तक अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं मिलता, तब तक अन्य पिछड़ा वर्ग में कश्यप समाज के लिए अलग से आरक्षण निर्धारित किए जाने की मांग रखी गई।

समाज के मेधावी विद्यार्थियों के लिए जिला एवं राजधानी स्तर पर भगवान महर्षि कश्यप के नाम से निशुल्क छात्रावास और कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई।

प्रतिनिधिमंडल में संरक्षक मंडल के डॉ. प्रेमचंद कश्यप, पृथ्वी सिंह, राम सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रसाद, कंचन कश्यप, राहुल कश्यप, सह-संगठन महामंत्री अरुण कश्यप, लालट कश्यप, कोषाध्यक्ष अजय कुमार एडवोकेट, उपकोषाध्यक्ष सागर कश्यप, मीडिया प्रभारी सुशील कश्यप, सदस्य सुमित कश्यप तथा मुख्य सलाहकार एवं प्रवक्ता रमेश चंद कश्यप एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

महासभा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने और ज्ञापन स्वीकार करने पर उनका आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *