अंकित चौहान की तलाश में विधायक मोहम्मद शहजाद रहे मौके पर डटे, गंगा किनारे मिला शव
2 अगस्त से लापता युवक की तलाश में एसडीआरएफ, पुलिस, गोताखोरों और आपदा मित्रों ने चलाया अभियान, विधायक ने परिजनों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
लक्सर। शिवपुरी उर्फ़ सौंपरी निवासी अंकित चौहान के 2 अगस्त से लापता होने के बाद उसकी तलाश को लेकर लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद लगातार सक्रिय रहे। युवक की खोजबीन के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और गोताखोरों, एसडीआरएफ, पुलिस टीम, आपदा मित्रों तथा परिजनों से मुलाकात कर अभियान की जानकारी ली।
अंकित चौहान की तलाश में गंगा क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया गया। बाढ़ चौकी भीकमपुर के आपदा मित्र अरविंद कुमार, सोनू कुमार, अमित कुमार, अजय कुमार और दीपक कुमार ने भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए खोजबीन में सहयोग किया। आपदा मित्रों ने गोताखोरों, एसडीआरएफ और पुलिस टीम के साथ मिलकर गंगा क्षेत्र में लगातार सर्च अभियान चलाया।
लक्सर विधायक मोहम्मद शहजाद ने मौके पर मौजूद बचाव दल और पुलिस अधिकारियों से लगातार जानकारी लेते हुए अभियान को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार कई दिनों की खोजबीन और अथक प्रयासों के बाद गंगा किनारे अंकित चौहान की मोटरसाइकिल और शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना मिलते ही विधायक मोहम्मद शहजाद गंगा किनारे मौके पर पहुंचे और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक मौके पर डटे रहे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई की जानकारी ली तथा परिजनों के साथ रहकर आगे की कार्रवाई में सहयोग किया।
विधायक की मौके पर मौजूदगी और आपदा मित्रों, एसडीआरएफ, पुलिस तथा गोताखोरों के लगातार प्रयासों से तलाश अभियान को गति मिली। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
अंकित चौहान की तलाश से लेकर शव बरामद होने और कानूनी प्रक्रिया शुरू होने तक विधायक मोहम्मद शहजाद का मौके पर मौजूद रहना तथा आपदा मित्रों की सक्रिय भूमिका क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।




