बंद मकान में सेंध लगाकर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
लक्सर। बंद मकान में सेंध लगाकर पानी की मोटर और लोहे की सरिया चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को लक्सर पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों ने नशे और निजी जरूरतों की पूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार, गांव ढाढेकी ढाणा मजाहिदपुर निवासी चन्द्रशेखर ने 28 जून को कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि 27 जून की रात अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर पानी की मोटर और अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चोरी के माल सहित दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पुत्र अशरफ निवासी वार्ड नंबर-8, लक्सर तथा दीपक पुत्र शेर सिंह निवासी वार्ड नंबर-1, लक्सर के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं। वे दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी से मिले पैसों से नशे की लत और अन्य जरूरतें पूरी करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई एक पानी की मोटर तथा लोहे की सरिया के टुकड़े बरामद किए हैं।
एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। लक्सर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।




