पड़ोसियों की गुंडागर्दी से परेशान परिवार ने SSP से लगाई न्याय की गुहार
मुजफ्फरनगर
जिले के थाना छपार क्षेत्र के ग्राम छपार निवासी मुस्तफा त्यागी ने अपने पड़ोसियों की गुंडागर्दी और उत्पीड़न से तंग आकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को एक प्रार्थना पत्र सौंपा है। मुस्तफा ने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी अरशद, अरमान, जीशान, नौशाद, मारूफ और उनके परिवार वाले लंबे समय से उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। पीड़ित मुस्तफा के अनुसार, विपक्षीगण उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी मनतशा का पीछा करते हैं और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हैं। इसके अलावा, 4 मई 2025 को विपक्षीगण ने उनके घर के सामने गाली-गलौज किया और बच्चों के साथ मारपीट की। 9 मई को अरशद और अरमान ने मुस्तफा के बेटे अमजद को लोहे की रॉड से पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया। उसी दिन विपक्षीगण ने उनके घर में घुसकर उनकी बेटियों मनतशा, सारिका और मुस्कान के कपड़े फाड़े और मारपीट की। मुस्तफा ने बताया कि थाना छपार में शिकायत के बाद मोहल्ले वालों ने समझौता करवाया था, लेकिन विपक्षीगण अब भी उन्हें धमकी दे रहे हैं। वे प्रार्थी को झूठे केस में फंसाने की बात कह रहे हैं और पुलिस से सेटिंग कर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार करने का दावा कर रहे हैं। बुधवार को दिए गए प्रार्थना पत्र में मुस्तफा ने SSP से मांग की है कि थाना छपार को विपक्षीगण के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनके किसी भी झूठे प्रार्थना पत्र पर बिना जांच के कार्रवाई न करने का आदेश दिया जाए। इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।



