वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. रविंद्र सैनी बने देवभूमि जागृति फाउंडेशन के ब्रांड एंबेसडर
देहरादून। देवभूमि जागृति फाउंडेशन द्वारा विकास नगर, देहरादून में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में देश के प्रख्यात वरिष्ठ साहित्यकार, शिक्षाविद, और समाजसेवी डॉ. रविंद्र सैनी को फाउंडेशन का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रजनीश सैनी ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख एवं प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड एडवोकेट आशीष राष्ट्रवादी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अनमोल सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. अशोक सैनी, राष्ट्रीय महासचिव पप्पन कश्यप, और राष्ट्रीय प्रवक्ता पंडित आशीष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. रविंद्र सैनी का स्वागत फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा बुके और पटके के साथ किया गया। इस दौरान डॉ. रजनीश सैनी ने कहा, “डॉ. सैनी अपने बहुमुखी अनुभव और साहित्यिक योगदान से फाउंडेशन का मार्गदर्शन करेंगे और इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।”
डॉ. रविंद्र सैनी का नाम साहित्य, शिक्षा, और समाज सेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए विख्यात है। वे वर्तमान में गुरु राम राय इंटर कॉलेज, सहसपुर, देहरादून के प्रधानाचार्य के रूप में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सांसद प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी, नगर पालिका परिषद हरपटपुर के ब्रांड एंबेसडर, और भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जैसे विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।
डॉ. सैनी को उनके अतुलनीय योगदान के लिए उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इसके साथ ही उन्हें भाऊ राव देवरा सम्मान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय सम्मान, नेशनल बिल्डिंग अवार्ड, रविंद्र नाथ टैगोर लिटरेचर अवॉर्ड, स्वामी विवेकानंद शिक्षा पुरस्कार, और राज्य सरकार के शैक्षिक शैलेश मटियानी पुरस्कार सहित कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
ब्रांड एंबेसडर के रूप में नियुक्ति पर डॉ. सैनी ने फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “देवभूमि जागृति फाउंडेशन के प्रति मेरी निष्ठा और सहयोग हमेशा रहेगा। मैं फाउंडेशन के उद्देश्यों को साकार करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।”
इस अवसर पर उपस्थित सभी पदाधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. सैनी को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।



