पीएम श्री विद्यालय सिखेड़ा के छात्र-छात्राओं ने आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल का किया शैक्षिक भ्रमण मुजफ्फरनगर पीएम श्री विद्यालय सिखेड़ा के छात्र-छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण आर्य एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल में कराया गया। इस अवसर पर एकेडमी के डायरेक्टर और विद्यालय की छात्राओं द्वारा अतिथियों का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। यह भ्रमण कार्यक्रम पीएम श्री विद्यालयों के निजी विद्यालयों के साथ युग्मन योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करना, एकीकृत शिक्षा को बढ़ावा देना तथा शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बीच सहयोगात्मक वातावरण विकसित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक के निर्देशन तथा उमेश मिश्रा (जिलाधिकारी), कमलकिशोर देशभूषण कण्डारकर (मुख्य विकास अधिकारी) और संदीप कुमार (जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी) के मार्गदर्शन में किया गया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान व जीव विज्ञान प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। इसके अलावा चित्रकला गैलरी, खेल मैदान तथा विद्यालय में उपलब्ध अन्य शैक्षणिक संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान दोनों विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बीच संवाद, चर्चा और विचारों का आदान-प्रदान भी हुआ। कार्यक्रम के अंत में डॉ राजीव कुमार (सदस्य) और सुशील कुमार (जिला समन्वयक, समेकित शिक्षा) ने एकेडमी के डायरेक्टर सुघोष आर्य, कोऑर्डिनेटर नीलू तथा विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापक रश्मि मिश्रा सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।



