हरिद्वार सड़क सुरक्षा माह: परिवहन विभाग का सख्त अभियान
हरिद्वार। सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग द्वारा जनपद में जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान Zepto, Blinkit, Zomato और Swiggy जैसे डिलीवरी ऐप स्टोर्स का निरीक्षण कर “10 मिनट डिलीवरी” के दबाव में तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की चेतावनी दी गई। कंपनियों को निर्देश दिए गए कि डिलीवरी में केवल कमर्शियल वाहनों का ही उपयोग किया जाए, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
वहीं कोटा क्लासेज में छात्रों को हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और मोबाइल से दूरी जैसे यातायात नियमों की जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा भगत सिंह चौक पर दोपहिया वाहनों में चीनी मांझे से बचाव हेतु सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए।
अभियान एआरटीओ निखिल शर्मा, एआरटीओ नेहा झा व टीटीओ वरुणा सैनी के नेतृत्व में चला। परिवहन विभाग ने आमजन से नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग की अपील की।




