Uncategorized

जनता दरबार में दर्ज हुईं 59 शिकायतें, 29 का मौके पर निस्तारण


जनता दरबार में दर्ज हुईं 59 शिकायतें, 29 का मौके पर निस्तारण l

जनपदवासियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 59 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 29 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को तत्काल कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध और प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में दर्ज शिकायतें शासन की प्राथमिकता हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं, जिनमें अतिक्रमण, भूमि विवाद, राजस्व, विद्युत एवं सड़क निर्माण से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
ग्राम सलेमपुर महदूद निवासी प्रकाश चंद ने अपने खेत में आने-जाने के सरकारी चकरोड पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कर चकरोड को खाली कराने की मांग की। वहीं देवराज, ग्राम प्रधान मूलदासपुर (माजरा), ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक करवाने की मांग की। इनम रावत, ग्राम हजाराग्रांट निवासी, ने प्राथमिक विद्यालय के पास खराब रास्ते की मरम्मत की मांग रखी।
इसी प्रकार, नवेद अख्तर निवासी मोहल्ला कस्साबान ज्वालापुर ने कटहरा बाजार स्थित एसबीआई बैंक के पास फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की। दिनेश कुमार निवासी ग्राम अटमलपुर बौंगला ने अपनी भूमि को दोबारा आबादी क्षेत्र में दर्ज करने का अनुरोध किया। वहीं शशिबाला, निवासी अंबेडकर नगर ज्वालापुर, ने अपनी भूमि की पैमाइश कर विवाद का समाधान करने की मांग की।
मंजू देवी, ग्राम पंचायत सदस्य लालढांग, ने वार्ड संख्या 11 के क्षतिग्रस्त मार्ग व जलभराव की समस्या को उठाया, जबकि अटमलपुर बौंगला, शांतिरशाह और खेड़ली के किसानों ने वन गूर्जरों द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे की शिकायत की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता की शिकायतों को सुनना ही नहीं, बल्कि उन्हें त्वरित और संतोषजनक समाधान प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी शिकायत के निस्तारण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य वित्त अधिकारी अजय कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी नलिनी ध्यानी, मुख्य क्रीड़ा अधिकारी शैफाली गुरूंग, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (से.नि.) डॉ. सरिता पंवार, एवं अपर परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल सहित जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *