Uncategorized

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों पर भड़की कलाम टीम, डीएम को भेजा ज्ञापन

शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों पर भड़की कलाम टीम, डीएम को भेजा ज्ञापन

लक्सर। सामाजिक संस्था कलाम टीम फाउंडेशन ने लक्सर क्षेत्र की बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। संस्था ने जिलाधिकारी हरिद्वार के नाम लक्सर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

शनिवार को लक्सर स्थित चंदन पैलेस में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था पदाधिकारियों ने कहा कि 27 सितम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान छात्रों और प्रधानाध्यापकों से मंच पर नृत्य कराया गया, जो शिक्षा विभाग और विद्यालय की गरिमा के खिलाफ है। संस्था ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों के मनोबल पर नकारात्मक असर पड़ता है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि शिविर में दिव्यांगजन प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने थे, लेकिन व्यवस्थाओं की कमी के चलते दिव्यांगजन निराश होकर लौट गए। संस्था ने मांग की कि दिव्यांगों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाए।

फाउंडेशन ने यह भी आरोप लगाया कि लक्सर क्षेत्र के कई सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता गिर रही है तथा कई चिकित्सालय और मेडिकल स्टोर बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं। संस्था ने मांग की कि संबंधित अधिकारियों की विशेष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

कलाम टीम फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन आजाद ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में छात्रों और प्रधानाध्यापकों से नृत्य कराना संस्थाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ है। वहीं, जिला अध्यक्ष शाहरुख खान ने कहा कि कार्यक्रमों की सफलता के लिए छात्रों और शिक्षकों का इस्तेमाल अनुचित है और इस मामले में विभागीय जांच होनी चाहिए।

प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड गुलशन आजाद, जिला अध्यक्ष शाहरुख खान, लक्सर विधानसभा अध्यक्ष फैजुल अंसारी, ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष महबूब भाई सहित नासिर अली, मो. इखलाख, तैयब, असलम, इकबाल, फरहान आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *