रावली महदूद में स्वच्छता और विकास के लिए कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व की पहल
बहादराबाद। शुक्रवार को रावली महदूद ग्राम पंचायत में स्वच्छता, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण हितधारक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर सुविधाओं के लिए सामूहिक संकल्प लिया। सिडकुल की आईपी-टू प्रिंस पाइप और अंबुजा फाउंडेशन ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड के तहत ग्राम प्रधान संगीता पाटिल को कूड़ा संग्रह के लिए एक आधुनिक ई-रिक्शा प्रदान किया। इस ई-रिक्शा का संचालन लक्की ग्लोबल फाउंडेशन द्वारा प्रायोजित चालक द्वारा किया जाएगा, जिसका वेतन भी फाउंडेशन वहन करेगा। यह ई-रिक्शा गांव के उन क्षेत्रों में कचरा एकत्र करेगा, जहां खुले में कूड़ा फेंकने की समस्या है, ताकि पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सके।
अंबुजा फाउंडेशन के जोनल मैनेजर संजय कुमार ने बताया कि यह ई-रिक्शा एक समर्पित टीम के साथ घर-घर जाकर कचरा एकत्र करेगा, जिससे गांव में स्वच्छता का स्तर बढ़ेगा। इसके साथ ही, पंचायत ने उन क्षेत्रों को चिह्नित किया है, जहां रात के समय अंधेरा रहता है और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इन स्थानों पर शीघ्र ही सौर ऊर्जा से संचालित स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि महिलाओं और बच्चों को रात में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शैलेश श्रीवास्तव और परियोजना प्रबंधक राहुल बडौनी ने बताया कि ग्राम पंचायत के सहयोग से रावली महदूद के दो सरकारी स्कूलों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इस परियोजना के तहत स्कूलों में नया फर्नीचर, बेहतर कक्षाएं, और शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और स्वच्छता के स्तर में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
बैठक में सोनिया, आरती, प्लांट हेड बृजेश परिहार, एचआर हेड चंद्रशेखर, नगर निगम हरिद्वार के सीनियर म्यूनिसिपल ऑफिसर डॉ. गंभीर तलियान, और विजय कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे।




