मॉर्निंग वॉक पर अब रहें निश्चिंत, हरिद्वार पुलिस गश्त पर l

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर हरिद्वार पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए नई पहल की है। अब सुबह के समय शहरभर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि लोग बेफिक्र होकर मॉर्निंग वॉक और योगाभ्यास कर सकें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विशेष रूप से चेन स्नैचिंग, राहजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। सुबह की सैर पर जाने वाले वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और युवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
पुलिस टीमों को संवेदनशील मार्गों, पार्कों और गली-मोहल्लों में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस गश्ती अभियान से अपराधियों में भय पैदा होगा तथा आमजन को सुरक्षा का एहसास मिलेगा।




