ए ए एजुकेशनल सोसाइटी और ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन द्वारा देवबंद में निःशुल्क मेगा हार्ट कैंप का आयोजन
सहारनपुर
देवबंद के नंबरदार हाउस, मोहल्ला गद्दीवाडा में ए ए एजुकेशनल सोसाइटी और ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन के तत्वावधान में एक निःशुल्क मेगा हार्ट कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्घाटन फहीम नंबरदार ने फीता काटकर किया। कैंप में सैकड़ों लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और ईसीजी का लाभ उठाया। मुजफ्फरनगर के गैलेक्सी मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर के विशेषज्ञ डॉक्टरों और दिल्ली हमदर्द मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर व सर्जन डॉ. अजहान सिद्दीकी ने मरीजों की जांच की और निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। कैंप में हृदय से संबंधित बीमारियों की जांच पर विशेष ध्यान दिया गया। कैंप के समापन पर संस्था के पदाधिकारियों ने डॉक्टरों की टीम को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान किए। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि यह उनकी ओर से आयोजित पहला हार्ट कैंप था, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी संस्था लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य कैंप, गरीबों के लिए खाद्य वितरण, और बेटियों की शादी के लिए सहायता राशि जैसे सामाजिक कार्य करती रहती है, और भविष्य में भी समाज हित में कार्य जारी रखेगी। इस अवसर पर उमर फारूक (महासचिव, ए ए एजुकेशनल सोसाइटी) डॉ. उस्मान मसूद (चेयरमैन, ख्वाजा गरीब नवाज फाउंडेशन) रमजी, नूर मोहम्मद, रोहित शर्मा, इब्राहीम, अकील, जुनैद सिद्दीकी, आदि मौजूद रहे। यह आयोजन सामाजिक सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसने स्थानीय समुदाय को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर लाभान्वित किया।




