मोहम्मदपुर कुन्हारी में ग्राम प्रधान इस्तेखार ने पौधारोपण कर मनाया हरेला पर्व
मोहम्मदपुर कुन्हारी, हरिद्वार।
हरेला पर्व के पावन अवसर पर मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्राम प्रधान इस्तेखार अली द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान इस्तेखार ने कहा कि हरेला केवल पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने का एक माध्यम है। हर व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए और अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा पर्यावरण मिल सके।
कार्यक्रम में गांव के कई सम्मानित नागरिक, युवा, महिलाएं व स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन स्वच्छता अभियान के साथ किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने मिलकर गांव के सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। ग्राम प्रधान ने भविष्य में और अधिक पौधारोपण करने की योजना की भी जानकारी दी।




