राजकीय प्राथमिक विद्यालय इब्राहिमपुर की बदहाली, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर खतरा मंडराया
इसी क्रम में समाज सेवी तालिब अब्बासी और पीकम सिंह व युवा टीम विकास की ओर के कुछ साथियों ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
जनपद हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बदहाली की मार झेल रहा है। विद्यालय में एक जर्जर भवन पिछले कई महीनों से छात्रों की जान को खतरे में डाल रहा है, जो कभी भी गिर सकता है। 350 से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए केवल एक शौचालय की व्यवस्था है, जिससे बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय न होने से असुविधा और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
विद्यालय की रसोईघर की हालत भी गंभीर है। रसोई पूरी तरह जर्जर हो चुकी है और बरसात के मौसम में जलभराव के कारण बच्चों को मिड-डे मील मिलने में दिक्कतें होती हैं। बच्चों को न तो सुरक्षित वातावरण मिल पा रहा है और न ही स्वच्छ भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित हो पा रही है।
इसके अलावा विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। 350 से ज्यादा बच्चों पर शिक्षकों की संख्या बेहद कम है, जिससे पढ़ाई-लिखाई की गुणवत्ता पर सीधा असर पड़ रहा है। विद्यार्थियों को समुचित मार्गदर्शन और शिक्षा से वंचित होना पड़ रहा है।
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने जिलाधिकारी हरिद्वार से गुहार लगाई है कि जर्जर भवन को जल्द से जल्द ध्वस्त किया जाए, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण कराया जाए, जलभराव की समस्या का समाधान किया जाए और शिक्षकों की संख्या में वृद्धि की जाए।




