जिलाधिकारी ने किदवई नगर में वेस्ट एनर्जी प्लांट और सुजुडू ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर
जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा ने आज तहसील सदर के किदवई नगर मोहल्ले में नीदरलैंड की कंपनी के डायरेक्टर थेरेस गिलिंग के साथ वेस्ट एनर्जी प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट के आसपास जमा कूड़े को देखकर तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया कि चिन्हित स्थान की साफ-सफाई कर जीसी इंडिया कंपनी को जगह उपलब्ध कराई जाए, ताकि कंपनी मशीनें स्थापित कर कूड़े का निस्तारण शीघ्र शुरू कर सके। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, हेल्थ ऑफीसर और संबंधित एजेंसी को कूड़े को आबादी वाले क्षेत्र से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट करने और निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही, कार्यदाई संस्था को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
सुजुडू ओवर ब्रिज निर्माण का जायजा
जिलाधिकारी ने सुजुडू में निर्माणाधीन ओवर ब्रिज का भी निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्रीमती प्रज्ञा सिंह ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत इस ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है, जिसका उपयोग निर्माण कार्य में किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उप जिलाधिकारी सदर, लेखपाल और कार्यदाई संस्था के साथ बैठक कर ओवर ब्रिज के निर्माण का मैप तैयार किया जाए। इसमें यह स्पष्ट हो कि ब्रिज कहां से कहां तक जोड़ा जाएगा और इसका निकास कहां होगा। उन्होंने व्यक्तिगत रूप से इस कार्य की निगरानी कर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री संजय कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्रीमती प्रज्ञा सिंह, हेल्थ ऑफीसर, लेखपाल और कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में स्वच्छता और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।




