लक्सर के ज्वलंत मुद्दों पर जल्द होगा उग्र आंदोलन: कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी बालेश्वर सिंह की चेतावनी
लक्सर, 12 जून 2025 —
लक्सर क्षेत्र की उपेक्षित समस्याओं को लेकर कांग्रेस एक बार फिर आक्रामक मूड में नजर आ रही है। हाल ही में नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य से लक्सर कांग्रेस के 2027 के संभावित प्रत्याशी बालेश्वर सिंह ने मुलाकात की और क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर चर्चा की।
बालेश्वर सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “चाहे पूर्व विधायक हों, पूर्व सांसद या वर्तमान जनप्रतिनिधि — भाजपा के नेताओं ने सालों से लक्सर की जनता को केवल वादों का झुनझुना पकड़ाया है।” उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “कहां गई लक्सर की रेल सेवा? कहां गया रेल अंडरपास? और कहां गायब हो गई रोडवेज बस स्टैंड की बसे?”
उन्होंने घोषणा की कि भाजपा की कथनी और करनी का फर्क जनता के सामने लाने के लिए जल्द ही एक उग्र आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। यह आंदोलन लक्सर की जनता के अधिकारों की पुनः स्थापना और अधूरी घोषणाओं के विरुद्ध होगा।
कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने भी बालेश्वर सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें हरसंभव समर्थन देने का भरोसा दिलाया।
लक्सर में कांग्रेस के इस तेवर से यह साफ है कि आने वाले समय में क्षेत्र की राजनीति गरमाने वाली है और भाजपा को जनता के सवालों का जवाब देना होगा।




