.भीषण गर्मी में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत, SSP ने बांटी किट, आमजन को दिए हेलमेट
मुजफ्फरनगर
उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री संजय सिंह ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय कदम उठाया। मंगलवार को SSP ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत सामग्री युक्त किट वितरित की, जिसमें थर्मास्टील वाटर बोतल, रूह अफजा, कैप, चश्मा, रेनकोट और शोल्डर लाइट शामिल थे। चिलचिलाती धूप में सड़कों पर ड्यूटी निभाने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को गर्मी से बचाव के लिए जागरूक करते हुए SSP ने सलाह दी कि नियमित अंतराल पर पानी पीएं, अपच पैदा करने वाले भोजन से बचें और उल्टी-दस्त जैसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। साथ ही, बरसात के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए रेनकोट भी प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, SSP ने सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए आमजन को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, दुपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने की अपील की। SSP ने कहा, “अपने और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें।” कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी (नगर) श्री राजू कुमार साव, यातायात उपनिरीक्षक श्री इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इस पहल को स्थानीय लोगों ने खूब सराहा और इसे पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाने वाला कदम बताया।




